जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय ने आज अपना 103वां स्थापना दिवस मनाया। कुलपति प्रोफेसर नजमा अख्तर और अतिथियों द्वारा विश्वविद्यालय के हाल ही में निर्मित शताब्दी द्वार का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर कुलपति ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिवस विश्वविद्यालय के लिए एक महान क्षण है। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में विश्वविद्यालय ने कई उपलब्धियां हासिल की है जिसमें एनआईआरएफ रैंकिंग में लगातार दूसरे वर्ष तीसरी रैंक, प्रतिष्ठित पीएमआरएफ फैलोशिप के लिए कई जामिया शोधकर्ताओं का चयन, स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी को दुनिया के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में छब्बीस जामिया वैज्ञानिकों को स्थान मिलना शामिल है। प्रोफेसर अख्तर ने बताया कि विश्वविद्यालय में जल्द ही एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी।
इस स्थापना दिवस समारोह में कई गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। जामिया स्कूलों द्वारा कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए जिनमें तमसीली मुशायरा, कव्वाली, लोक नृत्य, नाटक, ग़ज़ल, और अन्य प्रदर्शन शामिल थे। 27 अक्टूबर से शुरू यह पांच दिवसीय स्थापना दिवस कार्यक्रम 31 अक्टूबर को समाप्त होगा।