राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ओडिशा की तीन दिन की यात्रा पर भुवनेश्‍वर पहुंची

देश के सर्वोच्च पद पर एक वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुकीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज अपने गृह राज्य ओडिशा की तीन दिन की यात्रा पर भुवनेश्‍वर पहुंची। राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, ओडिशा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एस मुरलीधर और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने बीजू पटनायक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति का स्वागत किया। राजभवन पहुंचने के बाद राष्ट्रपति ने अटूट-बंधन परिवार द्वारा प्रायोजित लाभार्थी मेडिकल विद्यार्थियों से बातचीत की।

राष्‍ट्रपति मुर्मू का कल कटक में ओडिशा उच्च न्यायालय के 75वें वर्ष के समापन समारोह में भाग लेंगी। इसके अलावा वे कटक में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मस्थान का दौरा भी करेंगी। वे एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के वार्षिक समारोह को संबोधित करेंगी और कटक में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में भी भाग लेंगी।

राष्ट्रपति विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के साथ बातचीत करेंगी और बृहस्पतिवार को उनका भुवनेश्वर में प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित कुछ अन्य कार्यक्रमों में भाग लेने का कार्यक्रम है। राष्ट्रपति की ओडिशा यात्रा के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

Related posts

Leave a Comment