राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने चैत्र शुक्लादि, उगादी, गुड़ी पड़वा, चेती चांद, नवरेह और साजिबू चेराओबा की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई दी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय नववर्ष के आगमन पर मनाए जाने वाले ये पर्व आस्था के प्रतीक और देश की प्राचीन संस्कृति के वाहक हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने आशा व्यक्त की कि ये त्यौहार भारत के विभिन्न समुदायों को प्रेम, सद्भाव और स्नेह के बंधन में बांधते हैं और सभी के लिए खुशी और समृद्धि लाते हैं।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने संदेश में कहा कि ये त्यौहार परम्परागत नववर्ष के आगमन का प्रतीक है और देशभर में खुशी और एकता के साथ मनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ये पर्व देश की मिली-जुली संस्कृति का एक और प्रमाण है। उपराष्ट्रपति ने कामना की कि नया वर्ष लोगों के लिए खुशी, शांति और समृद्धि लेकर आएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवरोज के अवसर पर सभी को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया; “नवरोज़ मुबारक! इस शुभ अवसर पर, मैं सभी की खुशी और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं। आने वाला वर्ष और अधिक समृद्धि लाए और हमारे समाज में एकजुटता की भावना को आगे बढ़ाए।”
