देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस 20 मार्च से सप्ताह में पांच दिन के बजाय अब छह दिन चलेगी। उत्तर रेलवे ने कहा है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन के फेरे बढ़ाने का फैसला किया है। उन्नत सुविधाओं के साथ रेलगाड़ी संख्या 22436 / 22435 वाराणसी वंदे भारत की नई रेक सोमवार को भी चलेगी। यह प्रत्येक रविवार, सोमवार, मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को सप्ताह में छह दिन चलेगी। इससे दोनों राज्यों की स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन क्षेत्रों में बढावा मिलेगा।
सप्ताह में छह दिन वाराणसी वंदे भारत का संचालन उत्तर प्रदेश और नई दिल्ली के क्षेत्रीय आर्थिक और पर्यटन क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए एक वास्तविक गेम चेंजर साबित होने जा रहा है। वंदे भारत एक्सप्रेस एक नए जमाने की ट्रेन है जो थोड़े समय में ही यात्रियों के बीच गति और सुविधा को लेकर काफी लोकप्रिय हो गई है। यह भारत की सबसे तेज ट्रेन है, जिसकी अधिकतम गति 180 किमी प्रति घंटा है, जबकि परिचालन गति 130 किमी प्रति घंटा है।