बांग्लादेश के अगले राष्ट्रपति का चुनाव 19 फरवरी को होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त काजी हबीबुल अवाल ने आज ढाका में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन 12 फरवरी को भरा जाएगा। अगले दिन नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 14 फरवरी तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। मतदान 19 फरवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक बांग्लादेश की पार्लियामेंट, जातीय संसद में होगा। वर्तमान राष्ट्रपति अब्दुल हामिद का कार्यकाल 23 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। उन्हें 6 फरवरी, 2018 को दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध राष्ट्रपति चुना गया था।
बांग्लादेश के संविधान के अनुसार, वर्तमान राष्ट्रपति का कार्यकाल समाप्त होने से 60 से 90 दिनों के भीतर नए राष्ट्रपति का चुनाव किया जाता है। संविधान के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति राष्ट्रपति पद पर दो कार्यकाल से अधिक नहीं रह सकता है।