इंडोनेशिया के जावा द्वीप में कल दोपहर आए भूकम्प में मृतकों की संख्या 252 हो गई है। अधिकारियों ने बताया है कि 31 लोग अभी भी लापता हैं और 377 लोग घायल हुए हैं। लगभग सात हजार साठ लोगों को विस्थापित किया गया है। अमरीकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के आंकडे के अनुसार भूकम्प का केन्द्र पश्चिमी जावा के सियांजुर टाऊन में दस किलोमीटर की गहराई में था। भूकम्प ग्रस्त क्षेत्र घनी आबादी वाला है और यहां भूस्खलन की आशंका बनी रहती है। मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इंडोनेशिया में भूकंप के कारण हुई लोगों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इंडोनेशिया में भूकंप के कारण हुई लोगों की मौत पर गहरा दुःख और पीड़ा व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि भारत दुःख की इस घड़ी में इंडोनेशिया के साथ खड़ा है।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया; “इंडोनेशिया में भूकंप के कारण हुई लोगों की मौत और संपत्ति के नुकसान से दुखी हूं। मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारत दुःख की इस घड़ी में इंडोनेशिया के साथ खड़ा है।”