हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा चुनाव प्रचार तेज हो गया है। हिमाचल प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख प्रचारक और नेता जनसभाएं और घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज शिमला के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में जनसभाएं करेंगे। सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर कांगडा, चम्बा और हमीरपुर जिलों में कई रैलियां करेंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ऊना जिले में हरोली में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करेंगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दोनों दल मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
चुनाव प्रचार में महज तीन दिन बचे हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों के शीर्ष नेता विभिन्न मुद्दों पर एक-दूसरे को घेर कर मतदाताओँ को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि केन्द्र में सरकार को आठ साल हो गये हैं, लेकिन सरकार पर भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद का कोई आरोप नहीं है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का काम करने का तरीका हर चीज से व्यक्तिगत लाभ प्राप्त करना है। वहीं, शिमला में कल प्रेस वार्ता में जनता दल यूनाईटेड के राष्ट्रीय महासचिव के सी त्यागी ने कहा कि वह कांग्रेस को समर्थन देने हिमाचल आये हैं। उन्होंने विपक्ष की एकता के लिए हिमाचल में कांग्रेस की जीत को जरूरी बताया।
गुजरात में सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार शुरू कर दिया है। इस चरण में नवासी सीटों के लिये पहली दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने कल वलसाड जिले के कपराडा से सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी के प्रचार अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने नारा दिया- हमने इस गुजरात को बनाया है। प्रधानमंत्री ने राज्य के विकास का श्रेय लोगों के परिश्रम और समर्पण को दिया।
कांग्रेस पार्टी आज राज्य के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में परिवर्तन संकल्प यात्रा करेगी। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज राजकोट और छोटा उदेपुर जिलों में रोड शो करेंगे।