नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोथल गुजरात में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (NMHC) परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मैं तकनीक के माध्यम से दूर दिल्ली से आपसे जुड़ा हूं लेकिन मन मस्तिष्क में लग रहा है कि मैं आपके पास मौजूद हूं। मैंने अभी ड्रोन के माध्यम से सभी कामों को देखा है और उसकी समीक्षा भी की है, मुझे लगता है सभी काम सुचारू रुप से चल रहे हैं। इस वर्ष लाल किले से पंच प्राणों की चर्चा करते हुए मैंने अपनी विरासत पर गर्व की बात कही थी।हमारी समुद्री विरासत हमारे पूर्वजों की सौंपी गई ऐसी ही धरोहर है।इतिहास की ऐसी अनेक गाथाएं हैं जिन्हें भुला दिया गया, उन्हें सुरक्षित करने और अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के रास्ते नहीं कोजे गए। इतिहास की उन घटनाओं से हम कितना कुछ सीख सकते थे। भारत की समुद्री विरासत भी ऐसा विषय है जिसके बारे में बहुत चर्चा की गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा, लोथल में ये जो हैरिटेज कॉम्पलेक्स बन रहा है इसे ऐसे बनाया जा रहा है कि भारत का सामान्य से सामान्य व्यक्ति भी इस इतिहास को आसानी से जान सके और समझ सके। इसमें अति आधुनिक तकनीक का प्रयोग करके बिल्कुल उसी युग को फिर से सजीव करने का प्रयास किया जा रहा है।