उत्तराखंड में केदारनाथ से श्रद्धालुओं को लेकर आ रहा एक हेलिकॉप्टर खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण आज सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलिकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मृत्यु हो गई।
रुद्रप्रयाग जिले के आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह ने बताया कि गरुड़चट्टी के पास हेलिकॉप्टर में आग लग गई। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सी. रविशंकर ने बताया कि यह दुर्घटना सवेरे करीब 11 बजकर 40 मिनट पर हुई। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर तीर्थयात्रियों को केदारनाथ से गुप्तकाशी ले जा रहा था। पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल के दल तलाश और बचाव अभियान चला रहे हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड के केदारनाथ में हेलीकॉप्टर हादसे पर दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि पायलट सहित कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर बहुत दुखद है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुख की इस घडी में उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक ट्वीट में कहा कि यह दुर्घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि केंद्र, राज्य सरकार के संपर्क में है और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।