राष्‍ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने ओणम के अवसर पर देशवासियों और विशेषकर केरल वासियों को बधाई दी

राष्‍ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने ओणम के अवसर पर देशवासियों और विशेषकर केरल वासियों को बधाई दी

दुनियाभर के केरलवासी आज थिरूओणम मना रहे हैं। पिछले दो वर्षों से कोरोना महामारी और प्राकृतिक आपदाओं से त्रस्‍त रहे लोगों में यह वार्षिक पर्व इस बार नई आशा और पुनरुत्थान का भाव लेकर आया है। केरल के मुख्‍यमंत्री पिनरई विजयन ने मंगलवार को राज्‍य स्‍तर के ओणम सप्‍ताह की शुरूआत की। इस आयोजन में राजधानी तिरूवंनतपुरूम और अन्‍य जिलों में कई स्‍थानों में पारंपरिक शास्‍त्रीय, लोक संगीत और लोकप्रिय कलाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है।

राष्‍ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने ओणम के अवसर पर देशवासियों और विशेषकर केरल वासियों को बधाई दी है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि ओणम का पर्व किसानों के कठिन परिश्रम का सम्‍मान करने और प्रकृति के प्रति आभार व्‍यक्‍त करने का अवसर है। राष्‍ट्रपति ने लोगों से भारत को समृद्ध और गौरवशाली राष्‍ट्र बनाने में एकजुट होकर योगदान करने को कहा। उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने संदेश में कहा कि यह पर्व राजा म‍हाबलि की स्‍मृति को सम्‍मानित करने का अवसर है और ईमानदारी, करूणा और बलिदान के उच्‍च मूल्‍यों का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओणम के अवसर पर सभी को, विशेष रूप से केरल और दुनिया भर में फैले मलयाली समुदाय के लोगों को बधाई दी है। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा; “सभी को, विशेष रूप से केरल और दुनिया भर में फैले मलयाली समुदाय के लोगों को ओणम की बधाई। यह त्योहार प्रकृति माँ की महत्वपूर्ण भूमिका और हमारे मेहनती किसानों के महत्व की पुष्टि करता है। ओणम हमारे समाज में सद्भाव की भावना को और मजबूत करे।”

Related posts

Leave a Comment