राजस्थान में उदयपुर के नृशंस हत्याकांड की जांच के लिए चार सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया गया है। इस बीच, उदयपुर शहर में स्थिति तनावपूर्ण है। शहर के 7 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। मुख्य सचिव उषा शर्मा ने राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के आदेश दिए हैं।
उदयपुर शहर में कल रात कर्फ्यू लगा दिया गया है। शहर में स्थिति को देखते हुए चार आईपीएस अधिकारी, 30 आरपीएस अधिकारी तथा 600 पुलिसकर्मी भेजे गये हैं। इस घटना के बाद पूरे राज्य में अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रदेश भर में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है तथा धारा 144 लगा दी गई है। अगले आदेश तक पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पुलिस प्रशासन के अधिकारियों तथा धर्मगुरुओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए सभी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।