महाराष्ट्र में विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेन्द्र फडणवीस के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने कल रात राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से भेंट की। प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल को एक पत्र सौंपा जिसमें मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को विधानसभा में बहुमत सिद्ध करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।
महाराष्ट्र में चल रही राजनीतिक उथलपुथल के बीच, नौ दिनों के बाद भाजपा द्वारा कल पहली बार उठाये गये रणनीतिक कदम के तहत, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपनी पार्टी के नेताओं के साथ राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी से देर रात मुलाकात की और राज्य में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल के बारे में उन्हें अवगत किया। इस विषय को लेकर राज्यपाल को एक पत्र ई-मेल द्वारा भेजने के साथ-साथ फडणवीस ने व्यक्तिगत रुप से यही पत्र राज्यपाल को दिया। इस पत्र में कहा है कि वर्तमान में, शिवसेना के 39 विधायक राज्य से बाहर हैं और उन्होंने कांग्रेस-एनसीपी के साथ काम करने पर आपत्ति जतायी है।
देवेंद्र फडनवीस ने कहा है कि, महाविकास आघाडी सरकार के पास बहुमत नहीं है, इसलिए मुख्यमंत्री को सदन के पटल पर बहुमत साबित करना चाहिए। अपनी बात की पुष्टी करने के लिये फडणवीस ने पत्र में सुप्रीम कोर्ट के पिछले कई फैसलों का भी जिक्र किया है। प्रदेश भाजपा ने अपने सभी विधायकों को आज मुंबई पहुंचने का निर्देश दिया है। अब निर्णय राज्यपाल के उपर निर्भर है। यह देखना दिलचस्प होगा कि वह विधानसभा का विशेष सत्र कब बुलाते हैं।