सरकार ने उद्योगों के विकास के लिए अनेक उपाय किये हैं और उद्योग अनुकूल नजरिया अपनाया: अनुप्रिया पटेल

वाणिज्‍य और उद्योग राज्‍यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि सरकार ने उद्योगों के विकास के लिए अनेक उपाय किये हैं और उद्योग अनुकूल नजरिया अपनाया है। उन्‍होंने कहा कि सरकार द्वारा दिये गये नीतिगत समर्थन से उद्योग आगे बढ रहे हैं। नई दिल्‍ली में फिक्‍की के पहले राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन और पुरस्‍कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि चौथी औद्योगिक क्रांति डेटा और प्रौद्योगिकी से संचालित है और इसमें उद्योगों को महत्‍वपूर्ण भूमिका अदा करनी है।

25 वर्ष बाद भारत की आजादी के सौ वर्ष मनाये जाने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के विजन के बारे में उन्‍होंने कहा कि सरकार विभिन्‍न कानूनों के अनुपालन का बोझ कम कर रही है। उन्‍होंने कहा कि इससे व्‍यापार में सुगमता होगी और देश के व्‍यापारिक और सेवा निर्यात में भारी बढोतरी होगी। उन्‍होंने कहा कि उत्‍पादन से सम्‍बद्ध प्रोत्‍साहन योजना, पीएम गति शक्ति और स्‍टार्टअप इंडिया जैसे कार्यक्रमों से उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर नीति आयोग के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत ने कहा कि रोबोटिक्‍स, संवर्धित रीयल्‍टी, इंटरनेट, ब्‍लॉक चैन और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से संचालित चौथी औद्योगिक क्रांति समूची विनिर्माण प्रक्रिया को प्रेरित कर रही है। प्रौद्योगिकी और उद्योगों के एकीकरण पर प्रकाश डालते हुए उन्‍होंने कहा कि इन प्रौद्योगिकियों से देश को भविष्‍य में तेजी से विकास करने में मदद मिलेगी। उन्‍होंने कहा कि देश में पिछले छह वर्षों के दौरान सौ से अधिक यूनीकॉर्नस सामने आये हैं, जो एक बडी उपलब्धि है।

Related posts

Leave a Comment