विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने अपनी पुर्तगाल यात्रा के दौरान श्रमिकों की आवाजाही और भारतीय नागरिकों को काम पर रखे जाने के समझौते पर हस्ताक्षर किये। यूरोपीय देशों की अपनी तीन दिनों की यात्रा के दौरान, उन्होंने पुर्तगाल के विदेश और सहयोग राज्य मंत्री फ्रांसिस्को आंद्रे के साथ द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की।
इस समीक्षा बैठक के बाद पुर्तगाल में भारतीय नागरिकों को नौकरी पर रखे जाने के बारे में बेहद महत्वपूर्ण द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। पुर्तगाल यूरोप का पहला देश है, जिसके साथ भारत ने श्रमिकों की आवाजाही से संबंधित समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। पुर्तगाल ने भी यूरोपीय संघ के बाहर इस तरह के पहले समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता पुर्तगाल में भारतीय कामगारों और पेशेवरों की नियुक्ति के लिए प्रक्रियाओं को निर्धारित करता है। इससे भारत के लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और दोनों देशों के बीच सामाजिक-आर्थिक संबंधों को भी मजबूती मिलेगी।
पुर्तगाल की संस्कृति मंत्री डॉ. ग्राका फोंसेका के साथ अपनी बैठक में, मीनाक्षी लेखी ने संस्कृति के क्षेत्र में युवाओं और साहित्यिक प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही और लोथल में समुद्री विरासत गैलरी की स्थापना जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर भी बातचीत की।
अपनी इस यात्रा के दौरान, मीनाक्षी लेखी ने भारतीय समुदाय के साथ बातचीत की और लिस्बन में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले आजादी के अमृत महोत्सव समारोह में भी हिस्सा लिया।