गुजरात के कई भागों में अगले दो-तीन दिनों में तेज से अत्यधिक तेज वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि जूनागढ़ में तेज से अत्यधिक तेज वर्षा जारी रहने की संभावना है। सूरत, डांग, नवसारी, वलसाड, तापी, राजकोट, अमरेली, भावनगर, गीर-सोमनाथ, जिलों में भी तेज से अत्यधिक तेज बारिश हो सकती है।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने सौराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
सौराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के 20 दल राज्य के भारी बारिश से प्रभावित विभिन्न स्थानों पर भेजे गए हैं। सूत्रों के अनुसार एनडीआरफ के पांच दल पंजाब से एयरलिफ्ट करके बुलाये गए हैं। नौसेना द्वारा भी बचाव और राहत कार्य दल भेजे गए हैं, जिसमें गोताखोर और नौकाएं भी शामिल हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत पड़ने पर और वायु सेना और नौसेना के और दल तैयार रखे गए हैं।