बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पटना, कटिहार, समस्तीपुर और मुंगेर सहित 26 जिलों के 40 लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया है कि राज्य सरकार बाढ़ की स्थिति की सूक्ष्म निगरानी कर रही है और बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है।
गंगा, सोन, पुनपुन और कोसी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कई स्थानों पर यातायात बाधित हुआ है। बाढ़ के कारण राज्य भर में राष्ट्रीय और राजमार्ग सहित चार हजार तीन सौ से अधिक सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। कई स्थानों पर रेल पटरियों पर जल भराव के कारण भागलपुर- मुंगेर और क्यूल-भागलपुर रेल खंड पर रेल सेवाएं लगातार छठे दिन भी निलंबित कर दी गई हैं। लंबी दूरी की रेलगाड़ियां परिवर्तित मार्ग से चलाई जा रही हैं। रेलवे ने 12 विशेष रेलगाड़ियां निरस्त कर दी हैं।
रेल पटरियों पर जल भराव के कारण पूर्वी रेलवे के मालदा रेल मंडल के जमालपुर-साहिबगंज और जमालपुर-भागलपुर रेल खंड पर अन्य 15 रेलगाड़ियों के मार्ग बदल दिए हैं।