प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज से शुरू हो रहे संस्कृत सप्ताह के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। इस प्राचीन भाषा को बढ़ावा देने और लोकप्रिय बनाने के लिए 19 से 25 अगस्त तक संस्कृत सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने एक संदेश में कहा है कि संस्कृत भाषा इतनी समृद्ध है कि यह हमारे जीवन के सभी पहलुओं को स्पर्श करती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि संस्कृत भाषा आधुनिक प्रौद्योगिकी के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि संस्कृत की लोकप्रियता पूरे विश्व में बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्कृत सप्ताह से लोगों में इस भाषा के प्रति रूचि और उत्साह बढ़ेगा तथा संस्कृत भाषा के प्रचार प्रसार में यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा।