हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि मूसलाधार बारिश के प्रकोप से लोगों की जान जाने और उनके लापता होने के अलावा लगभग दस हजार करोड़ रुपये की सरकारी और निजी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के साथ ही अवरुद्ध सड़कों पर यातायात बहाल करने के लिए चौबीस घंटे काम करने में जुटी है।
सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि सरकार हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए हर तरह की सहायता प्रदान करेगी। नई दिल्ली में अनुराग ठाकुर ने कहा कि 12 से अधिक राष्ट्रीय आपदा मोचन बल-एन.डी.आर.एफ के दल और वायुसेना के दल पहले से ही राहत और बचाव कार्यों में लगे हुए है। उन्होंने कहा कि राज्य की जो भी आवश्यकता होगी, केंद्र उस पर अमल करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री राज्य की स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार हिमाचल प्रदेश के लोगों के साथ खड़ी है।