रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हिंद महासागर और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री के ‘सागर’ यानी क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास’ और भारत के समुद्री हितों की रक्षा, संरक्षण और बढ़ावा देने की परिकल्पना पूरा करने के लिए, भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल और अन्य संगठनों को बुनियादी ढांचे में सुधार करना होगा। रक्षा मंत्री ने आज कोलकाता में गार्डन रीच शिपबिल्डर्स लिमिटेड द्वारा निर्मित वाई-3023 दूनागिरी, प्रोजेक्ट 17-ए युद्ध पोत का जलावतरण किया।
रक्षा मंत्री ने युद्ध पोत निर्माण में आत्मनिर्भरता की परिकल्पना को साकार करने में नौसेना डिजाइन निदेशालय और अन्य नौसेना टीमों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने विभिन्न चुनौतियों के बावजूद पोत निर्माण के क्षेत्र में जीआरएसई की निरंतर सहायता के लिए भी सराहना की। रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘दूनागिरी’ समुद्र, आकाश और पानी के भीतर सुरक्षा करने के लिए बहुआयामी क्षमताओं वाला विश्व स्तरीय युद्ध पोत होगा। इस युद्ध पोत में बेहतर सुरक्षा उपकरण, उन्नत हथियार और सेंसर प्रणाली मौजूद हैं।
रक्षा मंत्री ने बंगाल के वीर सपूतों जतिंद्रनाथ मुखर्जी, खुदीराम बोस और नेताजी सुभाष चंद्र बोस का स्मरण करते हुए राष्ट्र के लिए उनके अविस्मरणीय योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने बंगाल की बहादुर महिलाओं, बेगम रुकैया, बीना दास और कई अन्य लोगों की भूमिका की भी प्रशंसा की।
समारोह में नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और भारतीय नौसेना और रक्षा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।