सरकार ने मीडिया को ऑनलाइन सट्टेबाजी मंच के विज्ञापनों को बढ़ावा देने से बचने का परामर्श दिया

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने मीडिया को ऑनलाइन सट्टेबाजी मंच के विज्ञापनों और ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रचार से बचने का परामर्श दिया है। मंत्रालय ने इस संबंध में समाचार पत्रों, निजी सेटेलाइट टेलीविजन चैनलों, डिजिटल मीडिया और ऑनलाइन विज्ञापन एजेंसियों को परामर्श जारी किया है। मंत्रालय ने कहा है कि सट्टेबाजी और जुआ अवैध गतिविधि है इसलिए इस तरह की गतिविधियों का मीडिया प्लेटफार्म पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से विज्ञापन और प्रचार प्रसार विभिन्न कानूनों का उल्लंघन है।

मंत्रालय ने हाल की घटनाओं को देखते हुए यह परामर्श जारी किया है। इस तरह की घटनाओं में समाचार पत्रों के प्रकाशकों ने सट्टे और जुए से संबंधित वैबसाइटों के विज्ञापन प्रकाशित किए थे, जो मंत्रालय के दिशा-निर्देशों और विभिन्न नियम कानूनों का स्पष्ट रूप से उल्लंघन है। मंत्रालय के संज्ञान में आया है कि कुछ नए प्रकाशकों ने सट्टेबाजी से जुड़ी वेबसाइटों के विज्ञापन प्रकाशित किए। इन विज्ञापनों में पाठकों और श्रोताओं को अपने प्लेटफार्म पर स्पोर्ट्स लीग देखने के लिए प्रोत्साहित किया गया था। मंत्रालय ने कहा कि यदि मीडिया संगठन इस परामर्श का पालन नहीं करते तो सरकार विभिन्न कानूनों के तहत समुचित कार्रवाई करने के लिए विवश होगी।

Related posts

Leave a Comment