श्रीलंका की सरकार ने गैरजरूरी वाहनों के लिए ईंधन की बिक्री स्थगित कर दी है। आर्थिक संकट का सामना कर रहे श्रीलंका में सरकार ने अगले दो सप्ताह तक केवल बसों, रेलगाडियों, चिकित्सा सेवाओं और खाद्य सामग्री ढोने वाले वाहनों को ही ईंधन देने की अनुमति दी है।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि कल मंत्रिमण्डल ने आज से 10 जुलाई तक केवल आवश्यक सेवाओं के लिए ही ईंधन की आपूर्ति करने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि सरकार मौजूदा ईंधन संकट के कारण सभी सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के संस्थानों से 10 जुलाई तक घर से काम करने की योजना बना रही है।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार शहरी क्षेत्रों में स्कूल बंद कर दिये गये हैं और दो करोड 20 लाख की आबादी वाले देश के नागरिकों से कहा गया है कि वे घर से ही काम करें।
दूसरी तरफ सरकार ने सस्ती दर पर तेल आपूर्ति के लिए प्रमुख ऊर्जा उत्पादक देशों- रूस और कतर के साथ बातचीत के लिए अपने अधिकारियों को वहां भेजा है।
