श्रीलंका में विपक्षी दल महिन्दा राजपक्षे सरकार के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पेश करेंगे

श्रीलंका में विपक्ष और समागी जन बलावेगाया-एस.जे.बी. के नेता सजीत प्रेमदासा ने कहा है कि संसद के अगले सत्र में प्रधानमंत्री महिन्‍दा राजपक्षे के विरुद्ध अविश्‍वास प्रस्‍ताव पेश किया जाएगा। उन्‍होंने कल यक्‍काला में सरकार के विरुद्ध एस.जे.बी. के समागी बाला मार्च के पांचवे दिन यह घोषणा की। उन्‍होंने कहा कि राजपक्षे सरकार ने दो वर्ष के भीतर ही देश को डूबने की कगार पर पहुंचा दिया है और इस सरकार को सत्‍ता से तुरन्‍त बेदखल किया जाना चाहिए।

श्रीलंका अपनी आजादी के बाद अब तक के अपने सबसे गहरे आर्थिक संकट से जूझ रहा है। देश में अनाज और ईंधन की कमी है और वस्‍तुओं की कीमतें बेतहाशा बढ़ गई हैं। बिजली काफी समय तक कटी रहती है, जिससे जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोग स्थिति से निपटने में सरकार की नाकामी के विरुद्ध व्‍यापक प्रदर्शन कर रहे हैं।

कोविड के कारण पर्यटन में आई कमी और गलत आर्थिक नीतियों के कारण श्रीलंका का विदेशी मुद्रा भंडार निचले स्‍तर पर पहुंच गया है। पिछले वर्ष सरकार ने श्रीलंका को शत-प्रतिशत ऑर्गेनिक कृषि वाला देश बनाने के लिए रासायनिक उर्वरकों पर प्रतिबंध लगा दिया था। विदेशी मुद्रा भंडार में जबरदस्‍त कमी के कारण श्रीलंका लगभग 51 अरब डॉलर के अपने विदेशी कर्जे को चुका पाने में असमर्थ हो गया है। गहराते आर्थिक संकट के कारण प्रदर्शनकारी, प्रधानमंत्री महिन्‍दा राजपक्षे और राष्‍ट्रपति गोतबाया राजपक्षे के इस्‍तीफे की मांग कर रहे हैं।

Related posts

Leave a Comment