लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है। पहले चरण में 17 राज्यों और चार केंद्रशासित प्रदेशों की 102 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा।
तमिलनाडु की 39, राजस्थान की 12, उत्तर प्रदेश की आठ, मध्य प्रदेश की छह, उत्तराखंड, असम और महाराष्ट्र की पांच-पांच, बिहार की चार, पश्चिम बंगाल की तीन, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और मेघालय की दो-दो सीटों तथा छत्तीसगढ़, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, जम्मू-कश्मीर, लक्षद्वीप तथा पुदुचेरी में एक-एक सीट पर मतदान होगा। नामांकन पत्रों की जांच 28 तारीख को होगी और 30 मार्च तक नाम वापस लिये जा सकते हैं। वहीं बिहार में नामांकन भरने की अंतिम तिथि 28 मार्च है। पर्चों की जांच 30 तारीख को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 2 अप्रैल है। मतदान 19 अप्रैल को होगा। दूसरे चरण के लिए विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की नवासी लोकसभा सीटों के लिए बृहस्पतिवार को अधिसूचना जारी की जायेगी।
कल कई प्रमुख उम्मीदवारों ने पर्चे भरे।