मौसम विभाग ने देश के मध्यवर्ती और पश्चिमी तटवर्ती क्षेत्रों में अगले पांच दिन तक तेज वर्षा की चेतावनी दी है। मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र, गोवा, तटवर्ती कर्नाटक और केरल में अत्यधिक तेज वर्षा का अनुमान है।
इस बीच, मुंबई के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले चार दिनों में कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में तेज बारिश की संभावना व्यक्त की है। इस बीच, मराठवाड़ा के कुछ जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ मध्यम वर्षा होने की संभावना है। मछुआरों को सलाह दी जाती है कि वे महाराष्ट्र-गोवा समुद्र तट के किनारे समुद्र में न जाएं।
कोंकण में सुबह से ही भारी बारिश जारी है, कोल्हापुर में कम से कम दो नदियां खतरे के निशान के आस-पास बह रही हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचने और स्थानीय प्रशासन की सहायता के लिए एनडीआरएफ की पांच टीमों को मुंबई में, एक-एक नागपुर, चिपलुन और महाड जिले में तैनात किया गया है।
दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई में बादल छाये रहने और एक दो स्थानों पर वर्षा या गरज के साथ बौछारे पड़ने की संभावना है।
श्रीनगर, जम्मू और मुज्फ्फराबाद में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे या गरज के साथ बारिश हो सकती है। लेह और गिलगित में बादल छाये रहेंगे। गुवाहाटी, इम्फाल, अगरतला, गंगटोक, कोहिमा, शिलंग, ईटानगर और आइजॉल में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे।