राष्‍ट्र आज रा‍ष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्‍त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है

राष्‍ट्र आज रा‍ष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी को उनकी 153वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। इस अवसर पर देश-विदेश में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आज दिल्‍ली में महात्‍मा गांधी की समाधि राजघाट पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई। उप-राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने राजघाट पर महात्‍मा गांधी को पुष्‍पांजलि अर्पित की।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महात्‍मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा है कि यह दिन हम सबके लिए गांधी जी के प्रेरक जीवन के मूल्‍यों– शांति, समानता और सामुदायिक सौहार्द के प्रति नए संकल्‍प भरने का है। उन्‍होंने कहा कि इस वर्ष की गांधी जयंती इसलिए विशेष है कि देश इस वर्ष अपनी स्‍वतंत्रता की 75वीं जयंती मना रहा है। राष्‍ट्रपति ने कहा कि यह हम सब के लिए गांधीजी के स्‍वप्‍न को मूर्त रूप देने का समय है। उन्‍होंने कहा कि 100 वर्ष पूर्व गांधीजी ने स्‍वदेशी और आत्‍मनिर्भरता पर जोर देकर लाखों लोगों को प्रेरित किया था। इसलिए, आज आत्‍मनिर्भर भारत के लिए जो प्रयास किए जा रहे हैं, वे महात्‍मा गांधी से ही प्रेरित हैं और यही उनके प्रति सच्‍ची श्रद्धांजलि है।

उप-राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि महात्‍मा गांधी आधुनिक भारत के सबसे प्रभावी व्‍यक्तित्‍व थे और वे आज के इस विकट समय में भी पूरी मानवता के लिए नैतिकता के प्रतीक और आशा की किरण बने हुए हैं।

उप-राष्‍ट्रपति ने कहा कि आज विश्‍व गरीबी, जलवायु परिवर्तन और युद्ध के खतरों से जूझ रहा है जिनका गांधीजी के सिद्धांतों पर चलकर सफलतापूर्वक समाधान किया जा सकता है।

राष्‍ट्र आज पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्‍त्री को भी उनकी जयंती पर श्रद्धाजलि दे रहा है। शास्‍त्री जी के नेतृत्‍व में भारत ने पाकिस्‍तान के विरूद्ध 1965 का युद्ध जीता था। शास्‍त्री जी ने सैनिकों और किसानों में जोश भरने के लिए जय जवान, जय किसान का ओजस्‍वी नारा दिया था।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की उनकी 153वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गांधी जयंती का महत्व इस समय और बढ़ गया है जब भारत अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। उन्होंने कहा कि हमें हमेशा बापू के आदर्शों के अनुरुप रहना चाहिए। प्रधानमंत्री ने जनता से अपील की कि वे खादी के कपडे और खादी उत्‍पादों को खरीदें और यही गांधीजी के प्रति सच्‍ची श्रद्धांजलि होगी।

लाल बहादुर शास्त्री जी को श्रद्धांजलि देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि समूचा भारत उन्‍हें, उनकी सादगी और निर्णय क्षमता को लेकर पसंद करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय इतिहास में संकट के समय शास्त्री जी का दृढ़ नेतृत्व हमेशा याद रखा जाएगा।

गुजरात में आज गांधी जयंती के अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। मुख्‍यमंत्री भूपेन्‍द्र पटेल आज सुबह महात्‍मा गांधी के जन्‍म स्‍थान पोरबंदर के कीर्त‍ि मंदिर में प्रार्थना सभा में शामिल हो रहे हैं। साबरमती आश्रम में सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजित की गई है। जिसमें केरल के राज्‍यपाल आरिफ मोहम्‍मद खान उपस्थित रहेंगे।

Related posts

Leave a Comment