रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 1971 के युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय और भारत बंगलादेश मैत्री के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज नई दिल्ली में इंडिया गेट पर स्वर्णिम विजय दिवस पर्व का शुभारम्भ किया। दो दिन के इस पर्व में इस युद्ध में इस्तेमाल किये गये हथियारों तथा उपकरणों के साथ प्रमुख युद्धों के अंश की प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने बंगलादेश में लोकतंत्र की स्थापना में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि बंगलादेश ने पिछले 50 वर्ष में काफी प्रगति की है। रक्षामंत्री ने उन्होंने कहा कि सरकार का उददेश्य किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सेना को तैयार रखना है और देश इस दिशा में तेजी से बढ रहा है। रक्षा मंत्री ने कहा कि यह युद्ध तीनों सेनाओं के बीच एकजुटता और एकीकरण का एक बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इसने हमें नियोजन, प्रशिक्षण और मिलकर लडने का महत्व सिखाया है। राजनाथ सिंह ने इस युद्ध के प्रत्येक सैनिक को सलाम किया और कहा कि इन्हीं की बहादुरी की बदौलत भारत ने यह युद्ध जीता। उन्होंने कहा कि देश इनके बलिदान को हमेशा याद रखेगा।