मौसम विभाग ने रविवार तक पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है। अगले दो दिन तक अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम और नागालैंड में भारी वर्षा और बर्फबारी की भी संभावना है। पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले पांच दिन उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक आर.के. जेनामणि ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कम होने के कारण मौसम की स्थिति में किसी प्रकार के बडे बदलाव की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।