मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल-सीसी 26 जनवरी को नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि होंगे। समारोह में मिस्र की सैन्य टुकड़ी भी भाग ले रही है। राष्ट्रपति अल-सीसी 24 जनवरी को नई दिल्ली पहुंचेंगे। वे 25 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वार्ता करेंगे। दोनों नेता मीडिया के साथ संवाद भी करेंगे।
राष्ट्रपति अल-सीसी उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात करेंगे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भोज में भी शामिल होंगे। राष्ट्रपति अल-सीसी का राष्ट्रपति भवन में रस्मी स्वागत किया जाएगा। मिस्र के राष्ट्रपति भारत यात्रा के दौरान यहां के कारोबारियों के साथ भी चर्चा करेंगे। भारत और मिस्र के राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया जाएगा। यह पहला अवसर है जब मिस्र के राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि होंगे।