महाराष्‍ट्र में वर्षा और बाढ़ प्रभावित घटनाओं में मरने वालों की संख्‍या 112 हुई, 99 लोग अब भी लापता

महाराष्‍ट्र में वर्षा और बाढ़ प्रभावित घटनाओं में मरने वालों की संख्‍या 112 हुई, 99 लोग अब भी लापता

महाराष्‍ट्र के राहत और पुनर्वास विभाग ने कहा है कि राज्‍य में बाढ के कारण अब तक एक सौ बारह लोगों की मृत्‍यु हो चुकी है और 99 लापता हैं। विभाग ने कहा है कि कल रात तक पाटन तालुका के मीरागांव, ढोकावाले और अंबेघर के भूस्‍खलन प्रभावित क्षेत्रों से करीब 19 शव निकाले गये। विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार राज्‍य के बाढ प्रभावित क्षेत्रों से लगभग एक लाख 35 हजार लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

इस बीच, कोल्‍हापुर जिला प्रशासन ने जिले में आपात स्थिति के बारे में नागरिकों को तत्‍काल जानकारी देने के लिए जन उदघोषणा प्रणाली शुरू की है।

जीएसएम तकनीक पर आधारित यह प्रणाली शिरोल तालुका के 36 गांवों और करवीर तालुका के 21 गांवों में स्थापित की गई है जो बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। जिला सूचना कार्यालय की सूचना अधिकारी वृषाली पाटिल ने कहा कि इस प्रणाली में प्रशासनिक अधिकारियों या कर्मचारियों को मौके पर जाकर निर्देश देने में समय और ईंधन की बचत होती है I उन्होंने कहा कि इसके अलावा समय पर अधिसूचना के कारण नागरिकों को आवश्यक निर्देशों का पालन करते हुए कोई भी जगह खाली करने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा I इस बीच केंद्रीय मंत्री नारायण राणे और विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस आज बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे।

Related posts

Leave a Comment