महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि सरकार मराठा आरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। इस मुद्दे पर एक सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता के बाद पत्रकारों से बातचीत में एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य में सभी दलों का विचार है कि मराठा समुदाय को आरक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी दल इस बात पर सहमत हैं कि अन्य समुदायों के साथ अन्याय किए बिना कानून के दायरे में आरक्षण होना चाहिए। बैठक के दौरान एक प्रस्ताव पर भी हस्ताक्षर किए गए जिसमें उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, शरद पवार जैसे वरिष्ठ नेता सहित कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार तथा लगभग 32 नेताओं ने भाग लिया।
एकनाथ शिंदे ने मनोज जरांगे पाटिल से अपना विरोध वापस लेने का आग्रह करते हुए सभी से राज्य में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हाल में हुई हिंसा की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
इस बीच, आज सुबह महाराष्ट्र के बीड जिले से कर्फ्यू हटा लिया गया है और आज शाम 5 बजे से धाराशिव जिले से भी कर्फ्यू हटा लिया जाएगा।