मध्य प्रदेश में पहली से पांचवी कक्षा तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूल आज से फिर खुल रहे हैं। करीब 18 महीनों के बाद 20 सितंबर को पहली बार कक्षा एक से 5वीं तक के बच्चे भी स्कूल पहुंचेंगे। स्कूल खुलने से पहले स्कूलों की साफ सफाई के साथ सैनिटाइजेशन का काम भी किया जा रहा है। स्कूल खुलने के साथ प्राइमरी स्कूलों में 50 फ़ीसदी क्षमता के साथ कक्षाओं का संचालन होगा। खास बात यह है कि स्कूलों में माता-पिता की लिखित सहमति अनिवार्य होगी। इस बीच, प्रदेश में कोविड वैक्सीनेशन महाअभियान का तीसरा चरण जारी है। राज्य में 26 सितम्बर तक प्रत्येक पात्र व्यक्ति को वैक्सीन की पहली डोज लगाने का लक्ष्य़ रखा गया है।
झारखंड में भी कक्षा 6 से ऊपर के सभी सरकारी, प्राइवेट और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल आज से फिर खुल गए हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा हाल ही में हुई एक बैठक में स्कूल प्रबंधन को अनुमति जारी किए जाने के बाद कक्षा 6 और उससे ऊपर के छात्र अब स्कूल परिसर में ऑफलाइन पढ़ाई कर सकेंगे। राज्य में केवल 56 सक्रिय कोविड मामलों के उपचार के साथ, कक्षा 6 से ऊपर के सभी स्कूलों को खोलने की अनुमति राज्य सरकार द्वारा दी गई है। फिलहाल सरकार ने सभी स्कूलों को दिन में सिर्फ चार घंटे रोजाना कक्षाएं संचालित करने की अनुमति दी है। स्कूलों को कोविड के दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है, वहीं सभी स्कूल स्टाफ का टीकाकरण अनिवार्य कर दिया गया है।