कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी को आज पंजाब के मुख्यमंत्री के पद की शपथ दिलाई जाएगी। शपथग्रहण समारोह सुबह ग्यारह बजे होगा। चरणजीत सिंह चन्नी को कल कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था। उन्होंने शाम को राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से भेंट की और राज्य में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया।
कांग्रेस पार्टी में अंदरूनी कलह के कारण कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस विधायक दल के नये नेता चरणजीत सिंह चन्नी अमरिन्दर सिंह सरकार में तकनीकी शिक्षा और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। चमकौर साहिब विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक, चरणजीत सिंह चन्नी 2015 से 2016 के दौरान पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रहे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं- ब्रह्म मोहिन्दर और सुखजिन्दर रंधावा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेता पवन कुमार बंसल ने कल रात एक ट्वीट में दो उप मुख्यमंत्रियों की नियुक्ति की घोषणा की थी। निवर्तमान कांग्रेस सरकार ने ब्रह्म मोहिन्दर सबसे वरिष्ठ मंत्री थे, जिन्हें कैप्टन अमरिन्दर सिंह का भरोसेमंद माना जाता है।