मध्य प्रदेश के हरदा में आज एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने से कई घरों में आग लग गई। यह फैक्ट्री बैरागढ़ गांव के मगरधा रोड पर अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। इस घटना में 9 लोगों की मौत की खबर है जबकि 87 से ज्यादा लोग अब तक घायल हुए हैं। दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने आसपास के घरों को खाली करा लिया है और घायलों को अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। हरदा, बैतूल, खंडवा और नर्मदापुरम से एंबुलेंस और दमकल गाड़ियां बुलाई गई हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मंत्री उदय प्रताप सिंह, पुलिस महानिदेशक होम गार्ड अरविंद कुमार और अतिरिक्त मुख्य सचिव-एसीएस अजीत केसरी को हेलीकॉप्टर से जाने का निर्देश दिये।
भोपाल और इंदौर के मेडिकल कॉलेजों और एम्स भोपाल की बर्न यूनिटों को भी आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिये गये। हरदा पुलिस अधीक्षक संजीव कंचन ने बताया कि बैरागढ़ गांव क्षेत्र के मगरधा रोड स्थित फैक्ट्री में आज सुबह जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे पूरा इलाका काले धुएं से भर गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के हरदा में पटाखा फैक्ट्री हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावितों की सहायता कर रहा है। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के निकट परिजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।