लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा है कि भारत मंगोलिया के साथ रणनीतिक साझेदारी और सुदृढ तथा अधिक व्यापक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मंगोलिया में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे ओम बिड़ला ने उलानबटोर में राष्ट्रपति उखनागीन खुरेलसुख से मुलाकात की। ओम बिडला ने इस बात को रेखांकित किया कि बौद्ध धर्म की साझा गौरवशाली विरासत दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करती है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंगोलिया यात्रा ने द्विपक्षीय संबंधों को काफी मजबूत किया था। ओम बिडला ने मंगोलिया के आर्थिक विकास में भारत को भरोसेमंद भागीदार बताते हुए कहा कि मंगोलिया में तेल शोधन परियोजना भारत द्वारा विदेश में शुरू की गई सबसे बड़ी परियोजना है।
इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ने मंगोलिया के प्रधानमंत्री ओयुन-एर्डेन लवसन्नामसराय से भी भेंट की। मंगोलिया की संसद के अध्यक्ष के साथ द्विपक्षीय बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ने दोनों देशों के बीच सहयोग और संसदीय प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान की स्वस्थ परंपरा का स्मरण किया। उन्होंने मंगोलिया संसद का भी दौरा किया और सदन की कार्यवाही का अवलोकन किया।