भारत और श्रीलंका ने आज आर्थिक सहयोग से जुडे महत्‍वपूर्ण क्षेत्रों में पांच समझौते किये

भारत और श्रीलंका ने आज आर्थिक सहयोग से जुडे महत्‍वपूर्ण क्षेत्रों में पांच समझौते किये

भारत और श्रीलंका ने आज आर्थिक सहयोग से जुडे महत्‍वपूर्ण क्षेत्रों में पांच समझौते किये। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और श्रीलंका के राष्‍ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने आज नई दिल्‍ली में द्विपक्षीय बातचीत की। बातचीत के बाद विदेश सचिव विनय क्‍वात्रा ने कहा कि इन समझौतों में नवीकरणीय ऊर्जा पर एक समझौता ज्ञापन और श्रीलंका के त्रिंकोमाली जिले में आर्थिक विकास परियोजनाओं पर सहयोग शामिल है। उन्‍होंने कहा कि इसके अलावा श्रीलंका में यू.पी.आई. के जरिये लेन-देन के लिए एन.आई.पी.एल. और लंका पे के बीच समझौता भी शामिल है। उन्‍होंने कहा कि इससे दोनों देशों के बीच भुगतान प्रणाली आसान बनेगी।

विदेश सचिव ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच भारत से पर्यटकों की आवाजाही पर प्रमुख रूप से चर्चा हुई। भारत से वर्तमान में सबसे अधिक संख्‍या में पर्यटक श्रीलंका पहुंचते हैं। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की व्‍यापक रूप से समीक्षा की और श्रीलंका में हाल की कठिनाइयों और चुनौतियों से निपटने में द्विपक्षीय सहयोग और साझेदारी के योगदान को स्‍वीकार किया।

दोनों नेताओं ने आने वाले वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों को और विकसित करने के लिए अपने साझा दृष्टिकोण का उल्‍लेख किया, जो विस्तारित संपर्क और गहरी आर्थिक साझेदारी पर केंद्रित है।

विदेश सचिव क्वात्रा ने कहा कि भारत श्रीलंका में विशेष रूप से भारतीय मूल के तमिल समुदाय के लिए एक विकास पैकेज लागू करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पूर्वी प्रांत के आर्थिक विकास को बढावा देने के लिए एक बहु क्षेत्रीय पैकेज की भी घोषणा की।

Related posts

Leave a Comment