भारत और यूएई ने द्विपक्षीय नौसेना समुद्री साझेदारी अभ्यास शुरू किया

भारत और यूएई ने द्विपक्षीय नौसेना समुद्री साझेदारी अभ्यास शुरू किया

भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात ने समुद्री सहयोग को सशक्‍त करने की दिशा में एक महत्‍वपूर्ण कदम बढ़ाया है। दोनों देशों ने संयुक्‍त अरब अमीरात के समुद्री क्षेत्र में द्विपक्षीय नौसैनिक समुद्री साझेदारी अभ्‍यास करने की पहल की है।

यह अभ्‍यास आज भारतीय नौसेना के दो जहाजों आई एन एस विशाखापत्‍नम और आई एन एस त्रिकंद की भागीदारी के साथ किया जा रहा है। इस संयुक्‍त अभ्‍यास की योजना आठ अगस्‍त को पोर्ट राशिद दुबई पर जहाजों के आगमन के बाद दो दिनों में सावधानी पूर्वक बनाई गई है।

इस अभ्‍यास का उद्देश्‍य भारत तथा संयुक्‍त अरब अमीरात की नौसेनाओं के बीच ताल-मेल और अन्‍तर-संचालनीयता को बढ़ावा देना है। इसका उद्देश्‍य मजबूत पेशेवर संबंधों को विकसित करते हुए सामरिक, तकनीकी और एक दूसरे की नौसेनाओं को प्रशिक्षित करने की प्रक्रिया को बढ़ावा देना भी है।

पश्चिमी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग रियर एडमिरल विनीत मैक्कार्टी की कमान के तहत, यह अभ्यास समुद्री चुनौतियों से संयुक्त रूप से निपटने के लिए दोनों देशों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

आई एन एस विशाखापत्‍नम की कमान कैप्‍टन अशोक राव संभाल रहे हैं। आई एन एस विशाखापत्‍नम भारतीय नौसेना के सबसे बडे विध्‍वंसक युद्धपोतों में एक है। पूरी तरह से इस स्‍वदेशी युद्धपोत का निर्माण मझगांव डाक्‍स लिमिटेड ने किया है। आई एन एस त्रिकंद की कमान कैप्‍टन प्रमोद जी थॉमस संभाल रहे हैं। आई एन एस त्रिकंद एक उन्‍नत स्‍टील्‍थ युद्धपोत है जिसे 2013 में नौसेना में शामिल किया गया था।

Related posts

Leave a Comment