भारत और फ्रांस का संयुक्‍त सैनिक अभ्‍यास-शक्ति 2021 मिलिट्री स्‍कूल ऑफ द्रागियों में शुरू

भारत और फ्रांस का संयुक्‍त सैनिक अभ्‍यास-शक्ति 2021 फ्रांस के मिलिट्री स्‍कूल ऑफ द्रागियों में शुरू हो गया है। दोनों देशों के बीच यह छठा सैनिक अभ्‍यास है। इसमें भारतीय सेना की ओर से गोरखा राइफल्‍स की बटालियन के तीन अधिकारी, दो जेसीओ और 37 सैनिक भाग ले रहे हैं।

इस प्रशिक्षण में संयुक्‍त योजना बनाने, सैन्‍य कार्रवाई की आपसी समझ विकसित करने और आतंकवाद विरोधी कार्रवाई में समन्‍वय रखने के आवश्‍यक पहलुओं का पता लगाने पर ध्‍यान केन्द्रित किया जा रहा है। संयुक्‍त राष्‍ट्र के तत्‍वावधान में आयोजित अभ्‍यास में भाग ले रहे दस्‍तों को मुठभेड़ की तैयारी और रणनीतिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिसमें फायरिंग ड्रिल और युद्ध की तैयारी के सत्र आयोजित होते हैं।

भारतीय दस्‍ता संयुक्‍त प्रशिक्षण में भाग लेने के साथ ही मार्सेय में माज़ार्ग्‍ये स्थित समर स्‍मारक भी गया, जहां प्रथम विश्‍व युद्ध के दौरान एक हजार दो भारतीय सैनिकों का अंतिम संस्‍कार किया गया था। भारत और फ्रांस के दस्‍तों ने इन वीर शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्‍हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related posts

Leave a Comment