भारतीय नौसेना के लिए पांच बेडा सहायक जहाजों की खरीद के लिए हिन्‍दुस्‍तान शिपयार्ड लिमिटेड के साथ अनुबंध पर हस्‍ताक्षर

भारतीय नौसेना के लिए पांच बेडा सहायक जहाजों की खरीद के लिए हिन्‍दुस्‍तान शिपयार्ड लिमिटेड के साथ अनुबंध पर हस्‍ताक्षर

रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के लिए पांच बेडा सहायक जहाजों की खरीद के लिए विशाखापट्टनम में हिन्‍दुस्‍तान शिपयार्ड लिमिटेड – एच.एस.एल. के साथ अनुबंध पर हस्‍ताक्षर किए हैं। इस पर लगभग 19 हजार करोड रुपये की लागत आएगी। इन जहाजों का डिजाइन और निर्माण देश में ही एच.एस.एल. द्वारा किया जाएगा। इससे रक्षा निर्माण में आत्‍मनिर्भरता का लक्ष्‍य हासिल करने में मदद मिलेगी। सुरक्षा पर मंत्रिमंडल की समिति ने 16 अगस्‍त को बैठक के दौरान इन जहाजों की खरीद को स्‍वीकृति दी थी।

यह बेडा सहायक जहाज समुद्र में कार्यरत भारतीय नौसेना जहाजों को ईंधन, जल और हथियारों की आपूर्ति करेंगे। इससे नौसेना के जहाज बिना बंदरगाह पहुंचे लंबी अवधि के लिए कार्य कर सकेंगे। इन बेडा सहायक जहाजों से भारतीय नौसेना की क्षमता बढ़ेगी तथा इन्‍हें लोगों को सुरक्षित स्‍थान पर पहुंचाने, मानव सहायता और आपदा राहत कार्यों के लिए भी तैनात किया जा सकेगा।

44 हजार टन के यह बेडा सहायक जहाज किसी भारतीय शिपयार्ड में बनने वाले अपनी तरह के पहले जहाज हैं। इस परियोजना से आठ वर्ष की अवधि के लिए एक सौ 68 लाख 80 हजार श्रम दिवसों का रोजगार सृजित होगा। इन जहाजों के निर्माण से भारतीय जहाज निर्माण उद्योग के लिए नये आयाम खुलेंगे तथा सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यम सहित संबंधित उद्योगों की भागीदारी को प्रोत्‍साहन मिलेगा।

Related posts

Leave a Comment