पंजाब में राष्ट्रीय कृषि बाजार, ई-नाम के पोर्टल पर 79 मंडियों के माध्यम से 10 हजार करोड रूपये मूल्य के कृषि उत्पादों की खरीद-फरोख्त की गई है। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब में ई-नाम प्लेटफॉर्म के संबंध में एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। सम्मेलन का आयोजन पंजाब मंडी बोर्ड ने भारतीय वाणिज्य और उद्योग महासंघ -फिक्की के सहयोग से किया है। ई-बाजार प्लेटफॉर्म किसानों के लिये 24 घंटे खुला रहता है और राज्य के किसान इसमें लाभान्वित हो रहे हैं।
किसानों को इलेक्ट्रॉनिक राष्ट्रीय कृषि बाजार योजना ई-नेम की तरफ प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस समय दो लाख 17 हजार चार सौ 26 किसान, आठ हजार सात सौ तीन कमीशन एजेंट और दो हजार चार सौ तेइस व्यापारी ई-नेम के साथ पंजीकृत है। राज्य में करीब 28 दशमलव दस लाख टन कृषि उत्पादों का ई-व्यापार किया गया है। इसमें आलू, बासमती, मक्का, किन्नू, कपास, हरे मटर, लिची और सूरजमुखी शामिल हैं। इस साल के अंत तक सरकार की 15 और कृषि उपज बाजार समितियों एपीएम को ई-नेम पोर्टल के साथ जोडने की योजना है।