बीजेपी ने पेगासस परियोजना पर कांग्रेस की टिप्पणियों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता रवि शंकर प्रसाद ने संवाददाताओं को बताया कि पिछले 50 वर्ष से अधिक समय तक देश पर शासन कर चुकी कांग्रेस का यह नया चलन है। रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि इस बात से कोई इन्कार नहीं कर सकता कि एमनेस्टी जैसी संस्थाएं कई तरह से भारत विरोधी एजेंडा चलाती रही हैं।
कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी पर ऐसे स्तरहीन आरोप लगाए हैं जो राजनीतिक शिष्टाचार और मर्यादा से परे हैं। बीजेपी कांग्रेस पार्टी के सारे आरोपों को सिरे से खारिज करती है। ये शर्मनाक, मर्यादाविहीन भारती के राजनीतिक स्तर में एक नई गिरावट है। मित्रों ये जो पेगासुस की कहानी है इसका संकेत आईटी मंत्री वैष्णव जी ने दिया था। ये सारी कहानी मॉनसून-सत्र से पहले ही क्यों शुरू होती है। क्या कुछ लोग योजनाबद्ध तरीके से लगे हुए थे कि ये कहानी मॉनसून सत्र के पहले ही फोडनी है।
संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि फोन टैपिंग से जासूसी के आरोप पूरी तरह गलत और आधारहीन हैं। लोकसभा में अश्विनी वैष्णव ने सभी संसद सदस्यों से आग्रह किया कि वो मामले से जुड़े तथ्यों और तर्कों की जांच करें। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार जिस भी व्यक्ति का फोन नम्बर इसमें शामिल है, उससे ये नहीं कहा जा सकता कि उसका मोबाइल उपकरण पेगासस से हैक करने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि जिस भी व्यक्ति का फोन नम्बर सूची में शामिल है, उसका यह मतलब नहीं है कि उसकी जासूसी की गई है।