बीजेपी ने आज निर्वाचन आयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में आयोग से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र की मर्यादा को तोड़ा है और उन्होंने हमेशा नकारात्मक राजनीति की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पर टिप्पणी नफरत की राजनीति का हिस्सा है।
भूपेंद्र यादव ने मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जानबूझकर ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया और यह कांग्रेस के नफरत अभियान का हिस्सा है। भाजपा ने आयोग से आग्रह किया कि मल्लिकार्जुन खरगे को चुनाव प्रचार से प्रतिबंधित कर और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कल कर्नाटक के गडग जिले में चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।