भारत में अपने आधिकारिक दौरे के तीसरे दिन बांग्लादेश के थल सेना अध्यक्ष जनरल शफीउद्दीन अहमद ने चेन्नई में ऑफिसर ट्रेनिंग अकेडमी में परेड का जायजा लिया। उन्होंने कैडेटों की परेड की तारीफ की। भारतीय सेना ने ट्वीट किया कि भूटान से 28 कैडेट समेत 186 कैडेट को कमीशन दिया गया।
भारत के थल सेना अध्यक्ष जनरल मनोज पांडे के निमंत्रण पर बांग्लादेश के थल सेना अध्यक्ष शफीउद्दीन अहमद 27 अप्रैल से 29 अप्रैल तक भारत के दौरे पर हैं।
दोनों देशों के सेनाध्यक्ष के बीच बृहस्पतिवार को बैठक हुई, जिसमें दोनों देशों के बीच बृहद कूटनीतिक साझेदारी से संबंधित विभिन्न विषयों जैसे परस्पर सहयोग को मजबूती प्रदान करने, प्रशिक्षण, आतंकरोधी सहयोग और द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा हुई। इस बैठक में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियान में तैनात शांति दूतों के प्रशिक्षण के लिए कार्यान्वयन समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
