बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और इसके आसपास के क्षेत्र में चक्रवात बन गया है। इससे इस इलाके में आठ मई तक कम दबाव का क्षेत्र बनने की आशंका है। नौ मई के आसपास बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व में गहरे दबाव का क्षेत्र बनने की आशंका है। इसके बाद चक्रवाती तूफान में बदल कर बंगाल की खाड़ी के मध्य में बढने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मौसम विभाग ने इस महीने की आठ से बारह तारीख तक अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अधिकतर जगहों पर मध्यम वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने इस महीने की नौ तारीख से मछुआरों, छोटे जहाजों और नौकाओं को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के आसपास के क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व में मौजूद लोगों को आठ मई तक सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आठ से बारह मई तक पर्यटन और पोत परिवहन को रोकने की भी सलाह दी है।
