प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल प्रदेश में मंडी में युवा रैली को संबोधित किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश, हिमाचल प्रदेश के युवाओं के उत्साह और कौशल से लाभ उठा रहा है। उन्होंने कहा कि अब यह भाजपा की प्राथमिकता होनी चाहिए कि वह इसे और प्रोत्साहित करे। प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश की मंडी में पद्दल मैदान में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित युवा रैली को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि युवाओं को अधिकतम अवसर उपलब्ध कराना भाजपा की शीर्ष प्राथमिकता रही है।

खेल का मैदान हो या कला जगत, पार्टी हो या सरकार, हिमाचल के युवाओं की ऊर्जा, उनका जोश, उनका नेतृत्व कौशल निरंतर देश के काम आ रहा है। साथियों, युवाओं को ज्यादा से ज्यादा अवसर देना हमेशा से भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने देश के विकास और स्वाधीनता आन्दोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

पहाड़ी गांधी, बाबा कांशीराम समेत हिमाचल के अनेक सेनानियों ने आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आजादी के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पर हुए हमले से लेकर करगिल युद्ध तक हिमाचल के जांबाजों ने सर्वोच्च बलिदान देकर मां भारती का सर ऊंचा रखा है। देश की रक्षा के साथ-साथ, देश को सम्मान दिलाने वालों में भी हिमाचल के युवा कमाल करते रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मतदाताओं ने लगातार चुनावों में भाजपा के प्रति विश्वास व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा में युवाओं का सबसे अधिक प्रतिनिधित्व है और यह रैली युवा शक्ति का प्रतीक है।

अब देश की युवा शक्ति मिलकर आजादी के अमृत काल में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प पूरा करेगी। आज दुनिया में भारत की साख जैसे-जैसे बढ़ रही है वैसे-वैसे भारत को जानने-समझने के लिए भारत से जु़ड़ने के लिए पूरी दुनिया लालायित हो रही है। इसके पीछे एक बहुत महत्वपूर्ण कारण है। हिन्दुस्तान के जागरुक नागरिक, हिन्दुस्तान के मतदाता इसका पूरा श्रेय उनको जाता है।

प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया कि केन्द्र सरकार ने हिमाचल में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास के लिए 14 हजार करोड रूपये आवंटित किए हैं। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों के पास गांवों में रोपवे की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने हट्टी समुदाय को राज्य की अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

प्रधानमंत्री को खराब मौसम के कारण हिमाचल के मंडी की यात्रा रद्द करनी पडी थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे आने वाले दिनों में निश्चित रूप से हिमाचल जायेंगे और लोगों से भेंट करेंगे।

Related posts

Leave a Comment