प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तोक्यो पैरालिंपिक चैंपियन अवनी लेखड़ा को पैरा शूटिंग विश्वकप में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कामना की कि वे सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएं और दूसरों को प्रेरणा दें।
प्रधानमंत्री ने निशानेबाज श्रीहर्ष देव रेड्डी को भी स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
भारत की निशानेबाज अवनी लेखड़ा ने कल फ्रांस में पैरा निशानेबाजी विश्व कप में रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता है। इस जीत से लेखरा ने 2024 के पेरिस पैरालिम्पिक खेलों के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। लेखड़ा को टोक्यो पैरालिम्पिक खेलों में भी स्वर्ण पदक मिला था।
अवनी ने महिलाओं की दस मीटर एयर राइफल एसएच-1 प्रतिस्पर्धा में 250 दशमलव छह अंक लेकर विश्व रिकॉर्ड बना दिया। बीस वर्षीय इस निशानेबाज ने 249 दशमलव छह अंकों का अपना ही विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया।
राइफल प्रतियोगिता में एसएच-1 वर्ग उन एथलीटों के लिए होता है, जिनके शरीर के निचले हिस्से में कमी होती है।