प्रधानमंत्री मोदी ने ग्लासगो में कॉप-26 शिखर सम्मेलन से अलग यूक्रेन के राष्ट्रपति और नेपाल, इजराइल तथा फिनलैंड के प्रधानमंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें की

प्रधानमंत्री मोदी ने ग्लासगो में कॉप-26 शिखर सम्मेलन से अलग यूक्रेन के राष्ट्रपति और नेपाल, इजराइल तथा फिनलैंड के प्रधानमंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट से मुलाकात की। यह दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच पहली मुलाकात थी। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सामरिक साझेदारी की समीक्षा की और विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। वे विशेष रूप से उच्च-प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग और बढ़ाने पर सहमत हुए। अगले साल भारत और इजरायल के बीच पूर्ण राजनयिक संबंधों की स्थापना के 30 साल होंगे, इस बात का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने पीएम बेनेट को भारत आने का निमंत्रण भी दिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और क्षेत्रीय मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने महामारी के समय में दोनों देशों के बीच सहयोग पर संतोष व्यक्त किया, जिसमें दोनों देशों द्वारा कोविड टीकाकरण प्रमाणपत्रों की पारस्परिक मान्यता भी शामिल है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस साल की शुरुआत में कोविड महामारी के दूसरे चरण के दौरान भारत को ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर्स की आपूर्ति के लिए राष्ट्रपति जेलेंस्की को धन्यवाद दिया। नेताओं ने दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत संपर्क पर बातचीत की, विशेष रूप से बड़ी संख्या में भारतीय छात्रों के यूक्रेन के विभिन्न विश्वविद्यालयों में पढ़ने पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए चल रहे प्रयासों और अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने महामारी के दौरान भारत और नेपाल के बीच उत्कृष्ट सहयोग, विशेष रूप से भारत से नेपाल को टीकों, दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति तथा सीमाओं के दोनों तरफ माल के स्वतंत्र प्रवाह को सुनिश्चित करने में सहयोग का उल्लेख किया। दोनों नेता महामारी के हालात से बाहर निकलने की दिशा में मिलकर काम करने पर भी सहमत हुए। जुलाई में देउबा के नेपाल का प्रधानमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी से उनकी यह पहली मुलाकात थी। देउबा के कार्यभार संभालने के बाद पीएम मोदी से उनकी टेलीफोन पर बातचीत हुई थी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन की पृष्ठभूमि में माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने भारत में बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। बिल गेट्स ने प्रधानमंत्री को मिशन इनोवेशन की प्रगति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मिशन इनोवेशन के तहत भारत में गतिविधियों को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। हरित हाइड्रोजन, विमानन ईंधन, बैटरी भंडारण और वैक्सीन अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में भविष्य की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

Related posts

Leave a Comment