प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सवेरे गुजरात के पंचमहल जिले में पावगढ पहाडी पर पुनर्विकसित श्रीकालिका माता मंदिर का उद्घाटन किया। उन्होंने मंदिर में परम्परागत विधि से पूजा-अर्चना भी की। प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर के शीर्ष पर ध्वज फहराया। सूत्रों के अनुसार यह मंदिर जीर्ण-शीर्ष होने के कारण पांच सदियों से इसके शीर्ष पर ध्वज नहीं फहराया गया था। अब इस मंदिर का पुनर्निर्माण पूरा हो गया है। इस भव्य महाकाली मंदिर का गर्भगृह सोने का बना है। यह इस क्षेत्र का सबसे पुराना मंदिर है और यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि पावगढ पहाड़ी पर स्थित मंदिर के शीर्ष पर सदियों बाद फिर से ध्वज फहराया गया है। उन्होंने कहा कि यह ध्वज न केवल हमारे विश्वास और आध्यात्मिकता का प्रतीक है, बल्कि इससे यह भी पता चलता है कि सदियों के परिवर्तन के बावजूद आस्था का शीर्ष शास्वत रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत का आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गौरव बहाल हुआ है। उन्होंने कहा कि नया भारत आधुनिक आकांक्षाओं के साथ अपनी प्राचीन अस्मिता में जीवित रहता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन पर देवी मां की असीम अनुकंपा है कि वे प्रधान सेवक बनने के बाद से अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ देश की माताओं और बहनों के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि गुजरात सरकार ने राज्य में अनेक प्राचीन और ऐतिहासिक मंदिरों का जीर्णोद्धार किया है ताकि पर्यटन को बढावा दिया जा सके।
पावगढ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेंद्र पटेल ने कहा कि श्रीकालिका माता मंदिर एक प्राचीन शक्तिपीठ है। हर वर्ष करीब दो करोड श्रद्धालु मंदिर में आते हैं। उन्होंने कहा कि इसके पुनर्निर्माण पर 125 करोड रूपये की लागत आई है।
प्रधानमंत्री मोदी वडोदरा में 21 हजार करोड रूपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं का उदघाटन करेंगे और कुछ परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। वह वडोदरा में आयोजित ‘गुजरात गौरव’ अभियान में भी हिस्सा लेंगे और लोगों संबोधित करेंगे।