प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज युवाओं का अमृत काल के दौरान देश के विकास में योगदान देने के लिए सांगोली रायन्ना, नारायण महादेव, लांस नायक हनुमंथप्पा और विश्वेश्वरय्या जैसे ऐतिहासिक विभूतियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री कर्नाटक के हुब्बली में पांच दिवसीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के जागो और काम करो के संदेश की याद दिलाई और कहा कि युवा शक्ति हमारे देश का भविष्य तय कर सकती हैं। उन्होंने इस अवसर पर अंग्रेजों से लोहा लेने वाली कित्तूर की रानी चेन्नम्मा का भी स्मरण किया।
केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से अमृत काल के दौरान देश के विकास में रचनात्मक योगदान देने और स्वर्णिम काल को प्राप्त करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि भारत को वैश्विक स्तर पर पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना, यूक्रेन से 27 हजार युवा भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लाना और G-20 की अध्यक्षता केंद्र सरकार की बडी उपलब्धियां हैं।
मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमें युवाओं के लिए नई शिक्षा नीति, स्किल इंडिया, फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे अभियान चलाए हैं। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसी योजनाओं ने देश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित किया है।
युवा महोत्सव में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सात हजार पांच सौ से अधिक युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्क़ृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए।