प्रधानमंत्री मोदी ने आज गुजरात के भुज में भारत का पहला भूकंप स्मारक स्मृति वन राष्‍ट्र को समर्पित किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के भुज में भारत का पहला भूकंप स्मारक स्मृति वन राष्‍ट्र को समर्पित किया। स्मृति वन एक अनूठा स्मारक है जिसमें जनवरी 2001 में आए विनाशकारी भूकंप में जान गंवाने वाले 12 हजार से अधिक लोगों के नाम अंकित हैं। यह स्मारक 470 एकड़ भूमि में फैला है और भुजियो पहाड़ी के ऊपर बनाया गया है। स्‍मारक में भूकंप सिम्युलेटर लगाया गया है जो आगंतुकों को भूकंप का वास्तविक अनुभव प्रदान करेगा। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी.आर. पाटिल भी मौजूद थे।

इससे पहले भुज में आयोजित रोड शो में प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी कच्छ में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

शाम को प्रधानमंत्री मोदी देश में मारुति सुजुकी के 40 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में गांधीनगर के महात्मा मंदिर में आयोजित एक समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में कच्छ के उदय पर आधारित एक वीडियो साझा किया है। भूकंप के बाद कच्‍छ उद्योगों, कृषि और पर्यटन का फलता-फूलता केंद्र बन गया है। वीडियो में लोगों ने तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के उल्लेखनीय कार्यों के बारे में बताया। भूकंप के बाद कच्छ के पुनर्निर्माण के लिए लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की।

Related posts

Leave a Comment