प्रधानमंत्री मोदी आज राजस्थान के सीकर में 1.25 लाख पीएम किसान समृद्धि केंद्र राष्ट्र को समर्पित करेंगे, यूरिया गोल्ड-सल्फर लेपित यूरिया लॉन्च करेंगे, पीएम-किसान के तहत लगभग 17000 करोड़ रुपये की 14वीं किस्त जारी करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह करीब 11:15 बजे राजस्थान के सीकर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। किसानों को लाभ पहुंचाने वाले एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, प्रधानमंत्री 1.25 लाख पीएम किसान समृद्धि केंद्र राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री यूरिया गोल्ड-सल्फर लेपित यूरिया लॉन्च करेंगे। पीएम-किसान के तहत लगभग 17000 करोड़ रुपये की 14वीं किस्त जारी करेंगे। डिजिटल वाणिज्य के ओपन नेटवर्क (ओएनडीसी) पर 1500 किसान उत्पादक संगठनों को शामिल किये जाने का शुभारंभ करेंगे। राजस्थान में स्वास्थ्य अवसंरचना के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होगा; प्रधानमंत्री पांच नए मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे और सात मेडिकल कॉलेजों की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री राजकोट अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे और राजकोट में 860 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी आज राजस्थान के सीकर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे

प्रधानमंत्री 1.25 लाख पीएम किसान समृद्धि केंद्र राष्ट्र को समर्पित करेंगे

किसानों को लाभ पहुंचाने वाले एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, प्रधानमंत्री 1.25 लाख पीएम किसान समृद्धि केंद्र (PMKSK) राष्ट्र को समर्पित करेंगे। किसानों की सभी जरूरतों के लिए एक ही स्थान पर सभी समाधान की सुविधा प्रदान करने के लिए पीएमकेएसके विकसित किए जा रहे हैं। कृषि-आदानों (उर्वरक, बीज, उपकरण) की जानकारी से लेकर मिट्टी, बीज और उर्वरकों की परीक्षण सुविधाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी तक, देश में किसानों के लिए पीएमकेएसके को एक विश्वसनीय सहायता प्रणाली बनने की परिकल्पना की गई है। ये केंद्र, ब्लॉक/जिला स्तर की दुकानों पर उर्वरक खुदरा विक्रेताओं के नियमित क्षमता निर्माण को भी सुनिश्चित करेंगे।

प्रधानमंत्री यूरिया गोल्ड-सल्फर लेपित यूरिया लॉन्च करेंगे

प्रधानमंत्री यूरिया गोल्ड लॉन्च करेंगे – यह यूरिया की एक नई किस्म है, जो सल्फर से लेपित होगी। सल्फर लेपित यूरिया की शुरूआत से मिट्टी में सल्फर की कमी की समस्या का समाधान होगा। यह नवोन्मेषी उर्वरक, नीम-लेपित यूरिया की तुलना में अधिक किफायती और प्रभावी है, पौधों में नाइट्रोजन उपयोग की दक्षता में सुधार करता है, उर्वरक की खपत कम करता है और फसल की गुणवत्ता बढ़ाता है।

प्रधानमंत्री डिजिटल वाणिज्य के ओपन नेटवर्क (ओएनडीसी) पर 1500 किसान उत्पादक संगठनों को शामिल किये जाने का शुभारंभ करेंगे

कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री डिजिटल वाणिज्य के ओपन नेटवर्क (ओएनडीसी) पर पर 1500 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को शामिल किये जाने का शुभारंभ करेंगे। ओएनडीसी डिजिटल मार्केटिंग, ऑनलाइन भुगतान, व्यवसाय-से-व्यवसाय (बी2बी) और व्यवसाय-से-उपभोक्ता लेनदेन तक सीधी पहुंच के साथ एफपीओ को सशक्त बनाता है और ग्रामीण क्षेत्रों में लॉजिस्टिक्स के विकास को बढ़ावा देते हुए स्थानीय मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित करता है।

पीएम-किसान के तहत लगभग 17000 करोड़ रुपये की 14वीं किस्त जारी करेंगे

किसानों के कल्याण के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के एक और उदाहरण के रूप में, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) के तहत 14वीं किस्त के रूप में लगभग 17,000 करोड़ रुपये की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से 8.5 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को जारी की जाएगी।

प्रधानमंत्री पांच नए मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे और सात मेडिकल कॉलेजों की आधारशिला रखेंगे

राजस्थान में स्वास्थ्य अवसंरचना के क्षेत्र में एक बड़ा विस्तार होगा, क्योंकि प्रधानमंत्री चित्तौड़गढ़, धौलपुर, सिरोही, सीकर और श्री गंगानगर में पांच नए मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे तथा बारां, बूंदी, करौली, झुंझुनू, सवाई माधोपुर, जैसलमेर और टोंक में सात मेडिकल कॉलेजों की आधारशिला रखेंगे।

केंद्र प्रायोजित योजना, “वर्तमान जिला/रेफरल अस्पतालों से जुड़े नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना” के तहत मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की जा रही है। प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन किए गए पांच मेडिकल कॉलेजों को 1400 करोड़ रुपये से अधिक की संचयी लागत पर विकसित किया गया है, जबकि जिन सात मेडिकल कॉलेजों की आधारशिला रखी जाएगी, उनकी संचयी लागत 2275 करोड़ रुपये है।

2014 तक, राजस्थान राज्य में केवल 10 मेडिकल कॉलेज थे। केंद्र सरकार के समर्पित प्रयासों से राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 35 हो गई है, जो 250 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। इन 12 नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से राज्य में एमबीबीएस सीटों की संख्या 2013-14 के 1750 सीटों से बढ़कर 6275 सीटें हो जाएगी। इस प्रकार सीटों की संख्या में 258 प्रतिशत की वृद्धि होगी।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री उदयपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और डूंगरपुर जिलों में स्थित छह एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का उद्घाटन करेंगे, जिससे इन जिलों में रहने वाली जनजातीय आबादी को लाभ होगा। कार्यक्रम के दौरान वे केन्द्रीय विद्यालय तिवरी, जोधपुर का भी उद्घाटन करेंगे।

Related posts

Leave a Comment